Showing posts with label फ़ारसी. Show all posts
Showing posts with label फ़ारसी. Show all posts

Wednesday, July 04, 2007

ता'म ए गिलास (1997)

Taste of Cherry (Iran, Persian)
Ta'm e guilass

एक अधेड़ आदमी ख़ुदकुशी करना चाहता है और उसके लिए एक मददगार ढूँढ रहा है. प्लॉट पूरी तरह गले नहीं उतरता और दिलचस्पी घटाता है. दृश्य थोड़े खिंचे हुए हैं. संवाद कुछ जगह अपनी सहजता की वजह से अच्छे लगते हैं पर कई जगह ख़ुदकुशी के ख़िलाफ़ पुराने, घिसे-पिटे तर्कों को गूढ़ विचारों की तरह पेश किया गया है.

ईरानी रेगिस्तान और रेतिस्तान के नारंगी-पीले रंग से भरे फ़्रेम सुंदर लगते हैं. अभिनय, खास कर सहकलाकारों का, इतना अच्छा है कि डॉक्यूमेंट्री का सा एहसास देता है.

नोट्स -
1) पूरी फ़िल्म में तीन सह-कलाकार नायक से कार में बैठे बात करते दिखते हैं. वास्तव में उनमें से दो शूट के दौरान नायक (हुमायूँ इरशादी) से मिले ही नहीं. पर उसके बावजूद धाराप्रवाह कण्टिन्युटी अब्बास क्यारोस्तामी की निर्देशकीय और तकनीकी क्षमता दिखाती है.

2) [चेतावनी: आगे रहस्योद्घाटन है] फ़िल्म का अंत भ्रमित करता है. मंज़र अचानक रंगीन हो जाता है, फ़िल्म क्वालिटी विडियो जैसी हो जाती है और क्यारोस्तामी कैमरे और क्रू के साथ नज़र आते हैं. जैसे कह रहे हों कि ये जो आपने देखा वो बस एक फ़िल्म की शूटिंग थी. या ये कि दिख रहे सच के ऊपर एक और सच है?

Tuesday, July 03, 2007

ऑफ़साइड (2006) - ईरान

Offside (Iran, Persian)

कमाल का प्रयोग. फ़िल्म ईरान और बहरीन के बीच खेले गए पिछले फ़ुटबॉल विश्व-कप योग्यता मैच के साथ-साथ चलती है. कहानी और पात्रों का व्यवहार मैच की घटनाओं से प्रभावित होता रहता है. और फ़िल्म वहीं मैच के बीच शूट की गई है. डॉक्यूमेंटरी-नुमा फ़िल्मांकन के बीच कई कलाकारों का अभिनय बेजोड़ है. सोचिये अगर तो अन्दाज़ा लगाना मुश्किल है कि फ़िल्म और इसकी कहानी कैसे सोची गई होगी. योजना और इम्प्रोवाइज़ेशन के बीच कितने कमाल का इंटरऐक्शन रहा होगा. इतने इम्प्रोवाइज़ेशन के बाद इतनी दिलचस्प फ़िल्म बना पाना ही जफ़र पनाही की सफलता है.

फ़िल्म जहाँ ऊपरी तौर पर एक कॉमेडी है, इसकी परतों में ईरान के कई सामयिक और सांस्कृतिक मुद्दे उभरते हैं. बड़ी ख़ूबी से ये बात उठती है कि औरतों की आज़ादी जैसे मुद्दों को एक आम ईरानी मज़हब के जरिये ही देखे ये ज़रूरी नहीं. बल्कि अक्सर वह उसे सामाजिक संदर्भों से उपजे कॉमन सेंस के जरिये देखता है.